विदेशी हाथ


  

खाने में नमक मिर्चें अगर ज्यादा लगें ।
समझ लेना रसोई में विदेशी हाथ है ॥ 1

बिना पहले बताए आ गया भूकम्प तो ।
समझ लेना कि धरती में विदेशी हाथ है ॥2

ड्यूटी छोड़ कर दरबान है सोया हुआ  ।
सुना है  नींद के पीछे विदेशी हाथ है ॥3

ये कुत्ते क्यों नहीं अब दुम हिलाते  ।
मुमकिन है दुमों में भी विदेशी हाथ है ॥ 4

तबाही बाढ़ से ऐसी कभी होती न थी ।
बताते हैं कि नदियों में विदेशी हाथ है ॥5

 हो रही है आसमां से आग की बारिश ।
हमें मालूम है इसमें विदेशी हाथ है ॥6

 छा गए  बादल मगर बरसे नहींं । 
सुना है बादलों में भी विदेशी हाथ है ॥ 7

बेवफा होता नहीं बेवजहकोई  ।
देशी हाथ के पीछे विदेशी हाथ है  ॥ 8

 हाथ दो ही हैं मगर मिल कर नहीं रहते ।
इनकी पीठ के पीछे विदेशी हाथ है ॥ 9




Share on Google Plus

डॉ. दिनेश चंद्र थपलियाल

I like to write on cultural, social and literary issues.
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें